सीएम डैशबोर्ड : तीसरे से छठे स्थान पर खिसका बरेली

बरेली। अगस्त के मुकाबले सितंबर में सीएम डैशबोर्ड पर बरेली की रैंक तीसरे स्थान से खिसक कर छठे स्थान पर पहुंच गई है। बुधवार को डीएम ने कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में बैठक के दौरान रैंक गिरने पर नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देश दिए। जुलाई की तरह अगस्त की सीएम डैशबोर्ड की विकास व राजस्व कार्यों की संयुक्त रैंक में बरेली ने प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया था। सितंबर में बरेली को विकास और राजस्व की संयुक्त रैंक में छठा स्थान मिला है। बरेली को दस में से 9.28 अंक प्राप्त हुए हैं। विकास कार्यों में बरेली को 14वां और राजस्व कार्यों में तीसरी रैंक आई है। डीएम ने बुधवार को बैठक की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की प्रगति में तत्काल सुधार लाते हुए जिले की रैंकिंग बेहतर करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारी को गंभीरतापूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए।सामूहिक विवाह की तिथि निर्धारित कराते हुए पात्र जोड़ों का शत-प्रतिशत विवाह सुनिश्चित कराया जाए। इसमें लापरवाही ना बरती जाए। डीएम ने मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालयों के निर्माण और अन्य कार्यों की समीक्षा करते हुए पाया कि अभी भी कई कार्य अधूरे हैं। सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। बैठक में सीडीओ देवयानी, पीडी डी.आर.डी.ए. चन्द्र प्रकाश श्रीवास्तव, डीएसटीओ अजया चौधरी, डीआईओएस डॉ. अजीत कुमार आदि मौजूद रहे।।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *