बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। रफियाबाद स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय मे गुरुवार को ‘फुटबॉल फॉर स्कूल्स’ कार्यक्रम के तहत फुटबॉल वितरण समारोह आयोजित किया गया। मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने मीरगंज और फतेहगंज पश्चिमी विकास खंड के करीब दो दर्जन विद्यालयों के प्रतिनिधियों को फुटबॉल वितरित की। विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य निशि सिन्हा ने बताया कि विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उनके शारीरिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की ओर से यह पहल की गई है। इसके तहत जवाहर नवोदय विद्यालय को नोडल बनाकर क्षेत्र के विद्यालयों में फुटबॉल वितरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और आपसी सहयोग की भावना विकसित करते हैं। फुटबॉल जैसे खेल बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते है। इस दौरान प्रभारी प्राचार्य निशि सिन्हा, आलोक कुमार, संजीव तोमर, रंजीत, अवधेश गुप्ता, अनुप्रिया शेरावत सहित विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
