बरेली। अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। इज्जतनगर क्षेत्र के कंजादासपुर व धौरेरा माफी में करीब 22 हजार वर्गमीटर भूमि पर विकसित की जा रही चार अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कराया गया। कॉलोनियों में बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के भूखंडों का चिन्हांकन, सड़क व बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा था। प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण ध्वस्त कराए। पहली कार्रवाई इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव कंजादासपुर मे हुई। यहां सिराज की ओर से करीब छह हजार वर्गमीटर क्षेत्र में अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इसके अलावा धौरेरा माफी में रजनीश कुमार की तीन हजार वर्गमीटर, सत्यपाल की आठ हजार वर्गमीटर व रवि पटेल की पांच हजार वर्गमीटर भूमि पर विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया गया। बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने बताया कि बीडीए की प्रवर्तन टीम ने उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 के तहत कार्रवाई की। लोग भूखंड खरीदने से पहले मानचित्र व कॉलोनी की स्वीकृति की जांच अवश्य देख लें। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। बिना स्वीकृति प्लॉटिंग में निवेश करने से खरीदारों की मेहनत की कमाई जोखिम में पड़ सकती है।।
बरेली से कपिल यादव
