निलंबित किए गए शिक्षकों को बहाल करने की मांग, आंदोलन की चेतावनी

बरेली। बरेली कॉलेज में शिक्षक-कर्मचारी समन्वय समिति ने निलंबित शिक्षकों की बहाली समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है। मंगलवार को पीएलटी कक्ष में दोपहर दो बजे हुई समिति की आपात बैठक में निर्णय लिया गया कि 12 अक्तूबर को निलंबित किए गए शिक्षकों का निलंबन वापस लिया जाए। समिति ने शिक्षकों से पठन-पाठन जारी रखने और किसी भी विभाग में परीक्षा फॉर्म जमा नहीं कराने का फैसला किया है। बैठक में छात्रवृत्ति के फॉर्म के साथ लगने वाले उपस्थिति प्रतिशत प्रमाणपत्र के सत्यापन का मुद्दा भी उठाया गया। समिति का कहना है कि प्रमाणपत्र का सत्यापन कराने के लिए विद्यार्थियों की ओर से शिक्षकों पर दबाव बनाया जाता है। शिक्षकों ने ऐसे प्रमाणपत्रों का सत्यापन नहीं करने का निर्णय लिया। साथ ही मांग की कि विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए महाविद्यालय प्रशासन स्वयं बायोमैट्रिक व्यवस्था कराए। समिति ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो 14 अक्तूबर को शिक्षक और कर्मचारी काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद 15 अक्तूबर को सभी शिक्षक सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। बैठक में लिए गए निर्णय का एक पत्र कर्मचारी कल्याण सेवा समिति के सचिव हरिश चंद्र मौर्य और अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा, शिक्षक संघ के महासचिव प्रो. वीपी सिंह तथा अध्यक्ष प्रो. गजेंद्र पाल सिंह ने प्राचार्य को दिया। बैठक में शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *