उत्तराखंड में 3 दिन से लगातार हो रही बारिश:यमुनोत्री हाईवे पर आया मलबा, सैकड़ों यात्री फंसे

देहरादून – मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रदेश के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके साथ ही सभी विभागों को सतर्क रहने और लोगों से सुरक्षित जगह पर रहने की अपील की गई है। वही तीन दिन से राजधानी देहरादून में भी बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार से रुक-रुक कर हो रही बारिश सोमवार की सुबह भी जारी रही। लगातार हो रही बारिश से दूनवासी दहशत में आ गए हैं। वहीं चारधाम और पिथौरागढ़ की ऊंची पहाड़ियों में हुए हिमपात से तापमान में काफी गिरावट आ गई है। बदरीनाथ व हेमकुंड साहिब, नीलकंठ, नर-नारायण पर्वत, जोशीमठ, फूलों की घाटी, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम की ऊंची चोटियों ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है।यमुनोत्रीधाम सहित पूरी यमुनाघाटी में भी बारिश थमने का नाम नही ले रही हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण हाईवे डबरकोट में अवरूद्व हो गया है। दोनों ओर सैकड़ों यात्री फंसे हुए हैं। बारिश होने के कारण पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलबा मार्ग पर आ रहा है। जिस कारण हाईवे खोलने के प्रयास शुरू नहीं हो पा रहे हैं। पिछले तीन दिनों से हो रही झमाझम बारिश ने यहां ठंडक ला दी है। गंगोत्री हाईवे भी बढ़ेती चुंगी में बंद पड़ा हुआ है। यात्रियों को मनेरा बाईपास से भेजा जा रहा है।

24 घंटे में प्रदेश के छह जिलों में भारी बारिश के आसार:-
सोमवार को चमोली जिले में मौसम खराब रहा। यहां भी रविवार रात से बारिश जारी है। बद्रीनाथ हाईवे भी लामबगड़ में बंद पड़ा है। बता दें कि यहां हाईवे रविवार अपराह्न 3 बजे से अवरुद्ध पड़ा है। यात्री हाईवे खुलने का इंतजार कर रहे हैं।हेमकुंड यात्रा जारी है। टिहरी जिले के सभी क्षेत्रों में भी झमाझम बारिश हो रही है। यहां नुकसान की कोई सूचना नहीं है।ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर यातायात जारी है। केदारनाथ यात्रा सुचारू है। सोमवार को सोनप्रयाग से केदारनाथ के 503 श्रद्धालु रवाना हुए हैं। बारिश से रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे खाट गांव के पास खतरनाक हो गया है। हरिद्वार के पथरी क्षेत्र में कई बीघा फसल पानी में डूब गई है।मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आगामी 24 घंटे में प्रदेश के छह जिलों देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश के आसार हैं। सोमवार को प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। कई जगहों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। इसके तहत अलर्ट जारी किया गया है।
– हरिद्वार से तसलीम अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।