बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे के पास से गुजर रहे वसीट नाले मे मंगलवार शाम एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र मे हलचल मच गई। शव मिलने की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने नगर पंचायत के सफाईकर्मियों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया। महिला की शिनाख्त नही होने पर पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार की शाम नाले पर बनी सड़क की पुलिया के पास पानी मे एक महिला का शव उतराता दिखाई दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर चौकी प्रभारी आदेश कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद नगर पंचायत के सफाई कर्मियों की टीम की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार करीब 45 वर्षीय महिला ने सफेद-काला रंग का छींटदार सलवार-कुर्ता पहन रखा था। शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा था और पानी में रहने के कारण फूल गया था। काफी प्रयास के बावजूद महिला की पहचान नही हो सकी। सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि वसीट नाले से महिला का पुराना शव बरामद हुआ है। आशंका है कि शव बहकर वहां पहुंचा है। पुलिस महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।।
— बरेली से कपिल यादव
