राजस्थान/बाड़मेर- पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनावों में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय पर स्वीप के तहत जिला स्तरीय मतदाता जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार यादव के दिशा निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को मतदाता शपथ दिलाई। इस दौरान ‘स्वीप कुमकुम मतदाता जागरूकता पत्रिका’ पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान ने उपस्थितजनों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने तथा पात्र मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। निर्वाचन प्रक्रिया में आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मताधिकार के प्रति जागरूकता जरूरी है। उन्होंने स्वीप गतिविधियों के माध्यम से मतदान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और पात्र मतदाताओं को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक रंगोलियां बनाकर मतदान के महत्व को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया। जागरूकता बैनरों, संदेशयुक्त गुब्बारों और प्रेरक स्लोगन के माध्यम से मतदाताओं को लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया। छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रस्तुतियों के जरिए मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया।
मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के दौरान सांप-सीढ़ी खेल के माध्यम से मतदान से जुड़ी जानकारियों को रोचक और सहज तरीके से प्रस्तुत किया गया। खेल आधारित गतिविधियों के जरिए प्रतिभागियों को मतदान के महत्व, मतदाता की जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मानव श्रृंखला के माध्यम से भी मतदान का संदेश प्रसारित किया गया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘स्वीप कुमकुम मतदाता जागरूकता पत्रिका’ पोस्टर का विमोचन रहा। इसके माध्यम से मतदाता जागरूकता से जुड़े संदेशों को आमजन तक पहुंचाने की पहल की गई। इसका उद्देश्य पात्र मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करना, उनके अधिकारों एवं जिम्मेदारियों की जानकारी देना तथा निर्वाचन प्रक्रिया में जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान,अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनसिंह राठौड़, जिला शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार मीणा, विकास अधिकारी हीराराम कलबी, जिला परिवहन अधिकारी भगवान गहलोत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी और स्वीप टीम के सदस्य उपस्थित रहे। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं,आशा सहयोगिनियों तथा पंचायतीराज विभाग के कार्मिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। स्वीप अभियान के तहत जिले में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन कर पात्र मतदाताओं को मतदान के महत्व से अवगत कराया जाएगा। अभियान के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया में जनभागीदारी बढ़ाने, मताधिकार के प्रति जागरूकता विकसित करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
— राजस्थान से राजूचारण
