* शिक्षा में नवाचार, डिजिटल शिक्षा और शोध के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए हुए सम्मानित; सड़क दुर्घटना के कारण समारोह में नहीं हो सके थे शामिल
* चिकित्सीय अवकाश पर भी कर रहे ऑनलाइन विभागीय कार्य और बच्चों के लिए बनाकर भेज रहें हैं स्वनिर्मित ऑनलाइन शैक्षिक सामग्री
बरेली। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, नवाचारी शिक्षण पद्धतियों और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए राज्य पुरस्कृत शिक्षक एवं राज्य आईसीटी पुरस्कृत शिक्षक डॉ. अमित शर्मा को दो प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर, छत्तीसगढ़ की ओर से उन्हें स्व. श्री हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान 2026 तथा जनपद की प्रतिष्ठित राजश्री एजुकेशनल ट्रस्ट की ओर से टीचर्स अवॉर्ड 2026 प्रदान किया गया। डॉ. अमित शर्मा को ये सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान, नवाचारी शिक्षण कार्यों, 250 से अधिक शोधपत्रों एवं लेखों के लेखन, 17 पुस्तकों के सृजन, विद्यालय में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम आईसीटी लैब के कुशल संचालन, डिजिटल शिक्षा के प्रसार तथा साइबर क्राइम अवेयरनेस के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों को जागरूक करने के लिए प्रदान किए गए हैं। स्व. श्री हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में किया गया था। हालांकि, सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से चोटिल होने के कारण डॉ. अमित शर्मा समारोह में शामिल नहीं हो सके। इस पर आयोजकों ने सम्मान उनके निवास पर डाक के माध्यम से भेजा। दोनों सम्मानों को रामगंगा आवासीय योजना, सेक्टर-3 स्थित डॉ. अमित शर्मा के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में डिविजनल इंस्पेक्टर, बेसिक शिक्षा प्रमोद कुमार सिंह, डॉ. प्रज्ञा सिंह एवं डॉ. अखिलेश उपाध्याय ने प्रदान किया। इस अवसर पर डॉ. सोती शिवेंद्र चंद्र, डॉ. आदर्श कुमारी शर्मा, प्रोफेसर राज कुमार, प्रोफेसर प्रभात शुक्ला, प्रोफेसर मीना शर्मा, डॉ. धनपाल शर्मा, अश्वनी कुमार, डॉ. संजीव शर्मा, हिमांशु छाबड़ा, विकास जैन, डॉ. अजय शर्मा, शुभ्रा शर्मा, वैष्णवी, प्रज्ञन्य सहित अन्य स्वजनों एवं शुभचिंतकों ने डॉ. अमित शर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
दो प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित होने पर डॉ. अमित शर्मा की शैक्षिक नवाचार, शोध, तकनीक आधारित शिक्षण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को नई पहचान मिली है। बताते चलें डॉ. अमित शर्मा दुर्घटना में चोटिल होने और घुटने का ऑपरेशन होने के कारण चिकित्सीय अवकाश पर हैं लेकिन अभी भी घर से ही ऑनलाइन विभागीय कार्यों के साथ साथ बच्चों के लिए ऑनलाइन कंटेंट, पीपीटी और अध्ययन सामग्री तैयार करके भेज रहे हैं जिससे बच्चों की पढ़ाई उनके एक्सीडेंट के चलते पिछड़े नहीं। मजेदार, ज्ञानवर्धक शैक्षिक विडियोज, कक्षावार और विषयवार सामग्री पाकर विद्यार्थी भी बहुत उत्साहित हैं।
