बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे मे शनिवार को भीषण गर्मी के कारण एक छात्र अपनी बाइक से घर लौटते समय चक्कर आने से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। छात्र कोचिंग से पढ़कर वापस जा रहा था, तभी उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी। घायल छात्र की पहचान थाना क्षेत्र के गांव फरीदापुर रामचरन निवासी अंकित शर्मा पुत्र राकेश शर्मा के रूप में हुई है। अंकित दोपहर में कोचिंग से छुट्टी होने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहा था। कस्बे के मुख्य बाजार से गुजरते समय तेज धूप और गर्मी के चक्कर आने से अंकित की बाइक सड़क पर गिर गई। जिससे उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई। घटना देखकर राहगीर मौके पर जमा हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल छात्र को उपचार के लिए बरेली के एक निजी अस्पताल भेजा। अंकित के पिता राकेश शर्मा ने बताया कि उनके बेटे का अस्पताल में इलाज चल रहा है और अब उसकी हालत स्थिर है। चौकी प्रभारी आदेश प्रताप ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल छात्र को अस्पताल भेजा गया है।।
बरेली से कपिल यादव
