बहेड़ी, बरेली। कई वर्षों से गन्ने का भुगतान पाने की राह देख रहे हजारों किसानों के लिए राहत भरी खबर है। शनिवार को बरेली की तहसील बहेड़ी सभागार मे कुर्क की गई केसर चीनी मिल की जमीन की नीलामी मे 28.05 करोड़ रुपए की सबसे ऊंची बोली लगी। नीलामी पूरी होते ही किसानों के बीच यह चर्चा शुरू हो गई कि अब शायद उनके बकाया भुगतान का इंतजार खत्म हो सकेगा। बहेड़ी की पहचान रही केसर चीनी मिल की स्थापना वर्ष 1933 मे हुई थी। चीनी मिल बंद होने के बाद से किसानों का करोड़ों रुपए का गन्ना मूल्य फंसा हुआ है। भुगतान न मिलने से कई किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहे है। ऐसे मे शनिवार को तहसील बहेड़ी सभागार में हुई नीलामी पर पूरे क्षेत्र की नजरें टिकी थी। सुबह से ही किसान और किसान संगठनों के प्रतिनिधि नीलामी की जानकारी लेने के लिए जुटने लगे थे। नीलामी में कई पक्षों ने हिस्सा लिया और खुलकर बोली लगाई। बोली बढ़ने के साथ सभागार में मौजूद लोगों की उत्सुकता भी बढ़ती रही। आखिरकार 28.05 करोड़ रुपये की सबसे ऊंची बोली पर जमीन की नीलामी तय हुई। नीलामी के दौरान राजस्व, गन्ना और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया को खुले मंच पर संपन्न कराया गया, जिससे सभी प्रतिभागी बोली की कार्यवाही देख सकें।।
बरेली से कपिल यादव
