फरीदपुर, बरेली। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर टोल प्लाजा के पास सोमवार सुबह एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। जांच में पता चला कि ट्रक का ब्रेक फेल हो गया था। ट्रक चालक के कमर के नीचे का हिस्सा स्टेयरिंग के बीच फंस गया। ट्रक के उस हिस्से को काटकर चालक को निकाला गया। हादसे में चालक शिवपूजन पुत्र बृजेश मिश्रा निवासी थाना पिसावा, सीतापुर ट्रक के केबिन मे बुरी तरह फंस गया। कमर से नीचे का हिस्सा स्टेयरिंग और सीट के बीच फंसने से चालक दर्द से कराहता रहा। हादसे की सूचना मिलते ही फरीदपुर अग्निशमन केंद्र से सचिन कुमार के नेतृत्व मे फायर यूनिट रवाना हुई। रेस्क्यू टीम ने हाइड्रोलिक कटर से पहले स्टेयरिंग और फिर एंगल काटे। इसके बाद हाइड्रोलिक टेलीस्कोप जेट की मदद से सीट और एंगल के बीच जगह बनाकर पाइप काटे गए। काफी मशक्कत के बाद पहले चालक का एक पैर बाहर निकला। दूसरा पैर ब्रेक और एंगल के बीच फंसा था। सीट के बचे पाइप काटकर उसे भी बाहर निकाला गया। घायल चालक को तत्काल एंबुलेंस की मदद से निजी हॉस्पिटल बरेली भेजा गया। मौके पर मौजूद लोगों ने दमकलकर्मियों के साहसिक रेस्क्यू की सराहना की। पुलिस भी घटनास्थल पर रही।।
बरेली से कपिल यादव
