आंधी-पानी से बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत, तेज हवाओं ने बदला मिजाज

बरेली। जनपद मे शनिवार शाम छह बजे से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को तेज हवाओं के चलते बड़ी राहत मिली है। हालांकि, आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि पूरे शहर की बिजली व्यवस्था कुछ देर के लिए चरमरा गई और आपूर्ति ठप हो गई। बिजली विभाग की सक्रियता के चलते करीब एक घंटे बाद विद्युत सप्लाई सुचारू हो सकी। शहर के कई इलाकों में पिछले 2 घंटे से रुक-रुककर हल्की बूंदाबांदी का दौर जारी है। शनिवार का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। देर रात तक बरेली मे गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वही 31 मई को हल्की बारिश के साथ आसमान में बादल छाए रहेंगे। जिससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है। तेज हवाओं के कारण उमस से थोड़ी राहत मिलने की पूरी उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक, बरेली मे 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। कुछ इलाकों में मध्यम से तीव्र बारिश और ओलावृष्टि भी हो सकती है। आमजन को सलाह दी गई है कि आंधी के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों या कमजोर बिजली के खंभों के पास न जाएं। किसानों को भी अपनी फसलों के बचाव के लिए आवश्यक एहतियात बरतने को कहा गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून 2026 के दौरान कुल वर्षा सामान्य से कम रहने की संभावना है। जून के शुरुआती दिनों में लू (हीटवेव) के दिनों की संख्या सामान्य से अधिक हो सकती है लेकिन वर्तमान में चल रहा पश्चिमी विक्षोभ मई के अंत तक राहत लेकर आया है। जिला प्रशासन मौसम की हर गतिविधि पर लगातार नजर रखे हुए है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *