फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गैंग का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

बरेली। जनपद के थाना बारादरी के गांव डोहरा मे आस्था जनसेवा केंद्र पर फर्जी आधार कार्ड बनाने का काम चल रहा था। पुलिस ने शुक्रवार को तीन लोगों को गिरफ्तार कर गैंग का भंडा फोड़ किया। गैंग के सरगना आधार, पैन, वोटर आईडी, आयुष्मान समेत कई तरह के दस्तावेज बनाते थे। मिलिट्री इंटेलिजेंस की सूचना पर शुक्रवार को बारादरी पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार किया। मौके से बिथरी के गांव चंदपुर बिचपुरी निवासी अमित कुमार, ललित कुमार और मढ़ीनाथ निवासी भारत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। जनसेवा केंद्र का रजिस्ट्रेशन नहीं था और वहां की तलाशी में पुलिस ने 67 आधार कार्ड, 18 आधार इनरोलमेंट फॉर्म, तीन जाति प्रमाण पत्र, छह निवास प्रमाण पत्र और चार जन्म प्रमाण पत्र बरामद हुए हैं। इसके अलावा फर्जी दस्तावेज बनाने में इस्तेमाल तीन मोबाइल, दो लैपटॉप, दो प्रिंटर, एक फिंगर प्रिंट स्कैनर, दो पेन ड्राइव और रबर पर बने अंगूठे के क्लोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि किसी दस्तावेज को बनाने की कोई निर्धारित रकम नहीं थी। ऐसे दस्तावेज बनवाने वाले व्यक्ति की जरूरत और सौदेबाजी के आधार पर यह रकम वसूली जाती थी। कोई दस्तावेज पांच सौ रुपये में भी बन जाता था और कुछ के लिए वे हजारों रुपये भी ले लेते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बेरोजगारी के चलते वे उत्तराखंड के नानकमत्ता निवासी विक्रांत के संपर्क में आए थे। उसी ने उन्हें फर्जी दस्तावेज बनाकर कमाई करने का तरीका बताया। विक्रांत ने उन्हें अपने अंगूठे का रबर प्रिंट बनाकर दे रखा था। जब भी कोई दस्तावेज बनाना होता था, वे लोग एनी डेस्क एप्लीकेशन के जरिये सिस्टम एक्सेस लेकर फिंगर प्रिंट स्कैनर से आधार अपडेट और फर्जी दस्तावेज तैयार करते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि सारा फर्जी रानी प्रिंट नाम की प्री-पेड वेबसाइट के जरिये चल रहा था। इस वेबसाइट पर दस्तावेज बनाने के लिए एडवांस भुगतान करना होता है और फिर किसी भी दस्तावेज की डिटेल अपलोड करके उसे तैयार किया जा सकता था। पुलिस टीम द्वारा मौके पर अभियुक्तों से ललित कुमार नाम का फर्जी आधार कार्ड तैयार कराकर भी देखा गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *