राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान के लिए बरेली से डॉ. अमित शर्मा का चयन

* 19 सितंबर को रायगढ़ में होगा भव्य सम्मान समारोह, देशभर के चुनिंदा 200 शिक्षक-शिक्षिकाओं को मिलेगा सम्मान

बरेली। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, शोध, लेखन एवं तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए बरेली के शिक्षक एवं राज्य पुरस्कृत शिक्षक डॉ. अमित शर्मा का चयन ‘स्व. श्री हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह’ के लिए किया गया है। यह भव्य राष्ट्रीय सम्मान समारोह 19 सितंबर 2026 को रायगढ़, छत्तीसगढ़ में आयोजित होगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से चयनित लगभग 200 शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पूर्णानंद मिश्र की ओर से चयनित शिक्षकों की सूची जारी की गई है। चयनित शिक्षकों में राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के शिक्षक शामिल हैं। उत्तर प्रदेश से चयनित तीन शिक्षकों में बरेली के एकमात्र शिक्षक के रूप में डॉ. अमित शर्मा का चयन हुआ है। डॉ. अमित शर्मा को यह राष्ट्रीय सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उनके बहुआयामी एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने अब तक 17 पुस्तकों का लेखन, 250 से अधिक शोधपत्रों का प्रकाशन, 50 से अधिक क्रियात्मक शोध, नवाचारी शिक्षण गतिविधियों तथा शिक्षक प्रशिक्षणों में सक्रिय योगदान दिया है। इसके साथ ही आईसीटी एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अवेयरनेस को विद्यालयी शिक्षा से जोड़ने की दिशा में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। डॉ. शर्मा द्वारा 450 से अधिक शैक्षिक वीडियो तैयार किए जा चुके हैं, जिनका उपयोग शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास में किया जा रहा है। डॉ. अमित शर्मा के मार्गदर्शन एवं विद्यालयी प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव विद्यार्थियों की उपलब्धियों में भी देखने को मिला है। उनके छात्रों का जवाहर नवोदय विद्यालय सहित विभिन्न प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में चयन हुआ है। वे विद्यालय में ICT, AI, नवाचार एवं गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ शिक्षकों के प्रशिक्षण एवं शैक्षिक शोध कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। राज्य पुरस्कृत शिक्षक एवं राज्य ICT पुरस्कृत शिक्षक डॉ. अमित शर्मा वर्तमान में बरेली जनपद के फरीदपुर विकास क्षेत्र स्थित इंग्लिश मीडियम कंपोजिट स्कूल नवादा बिलसंडी में इंचार्ज प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। इसके साथ ही वे डायट फरीदपुर की शोध एवं नवाचार टीम में फरीदपुर के नोडल के रूप में भी शैक्षिक नवाचार एवं शोध कार्यों को आगे बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं।
डॉ. अमित शर्मा के राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान के लिए चयनित होने पर स्वजनों, विद्यालय परिवार, मित्रों, शिक्षक समुदाय एवं शिक्षा अधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उनके चयन को बरेली जनपद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने आशा व्यक्त की कि उनके नवाचारी एवं शोधपरक कार्यों से प्रदेश के अन्य शिक्षक भी प्रेरणा प्राप्त करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *