ट्रेनों की लेटलतीफी से परेशान रहे अभ्यर्थी, आपाधापी में पहुंचे परीक्षा केंद्र

बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही भर्ती परीक्षा बुधवार को संपन्न हो गई। परीक्षा देने के लिए दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। बुधवार को ट्रेनों की लेटलतीफी ने अभ्यर्थियों को परेशान किया। परीक्षा विशेष गाड़ियां भी देरी से चलीं। ऐसे में अभ्यर्थी आपाधापी में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे। रेलवे ने बरेली-मथुरा और मुरादाबाद-सीतापुर के बीच परीक्षा विशेष ट्रेनें चलाईं। रोडवेज ने भी परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए 140 बसों का संचालन करने का दावा किया, लेकिन इसके बाद भी बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर घर वापसी के इंतजार में अभ्यर्थी भटकते नजर आए। शाम पांच बजे परीक्षा छूटने के बाद रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डों पर पहुंचे अभ्यर्थियों को देर रात तक स्टेशन और बस अड्डों पर रुकना पड़ा। कई रूटों पर बसें न मिलने के कारण काफी संख्या में अभ्यर्थियों ने बस अड्डों पर ही रात बिताई। परीक्षा के दौरान दो जोड़ी विशेष गाड़ियां चलाए जाने के बाद भी नियमित गाड़ियों पर दबाव बना रहा। ट्रेनों के आरक्षित कोचों से अनधिकृत यात्रियों के कब्जा करने की शिकायतें आती रहीं। भीड़भाड़ के मद्देनजर जंक्शन पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए, लेकिन काफी संख्या में अभ्यर्थी इसके बाद भी रेल लाइन पर खड़े देखे गए। ट्रेनों के समय में बदलाव और लेटलतीफी के कारण परीक्षार्थियों के साथ आम यात्रियों ने भी दिक्कताें का सामना किया। बरेली जंक्शन, बरेली सिटी, इज्जतनगर, भोजीपुरा स्टेशनों पर अभ्यर्थी और बड़ी संख्या में यात्री भीषण गर्मी के बीच ट्रेनों का इंतजार करते रहे। नियमित ट्रेनों के आरक्षित और एसी कोचों में भी अभ्यर्थी घुस गए। इससे यात्रियों को दिक्कतें हुई।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *