कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच निपटी पुलिस भर्ती परीक्षा, 3,985 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा

बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2026 का बुधवार को समापन हो गया। परीक्षा के तीसरे और अंतिम दिन भी कड़ी सुरक्षा जांच के बाद अभ्यर्थियों को केंद्र के अंदर प्रवेश दिया गया। बुधवार को पंजीकृत 17,472 में से 3,985 अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए केंद्रों तक नहीं पहुंचे। परीक्षा संपन्न होने के बाद जब अभ्यर्थी बरेली कॉलेज व अन्य केंद्रों से बाहर निकले, तो उनके चेहरों पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं थीं। अधिकांश परीक्षार्थियों ने बताया कि इस बार गणित के सवाल काफी कठिन और घुमावदार थे। इन्हें हल करने में समय लगा। कुछ अभ्यर्थियों ने सामान्य अध्ययन (जीएस) के सवालों को भी उलझाऊ बताया। कहा कि इस वजह से समय प्रबंधन में मुश्किलें आईं। कई सवाल छूट गए। बुधवार को पहली पाली में कुल 8,739 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 6,755 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। 1981 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में 8,736 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 6,732 उपस्थित रहे। 2,004 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। आरक्षी भर्ती परीक्षा तीसरे और अंतिम दिन बुधवार को कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। 19 परीक्षा केंद्रों पर तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट केंद्रों का जायजा लेते रहे। सघन चेकिंग व बायोमेट्रिक हो जाने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में जाने दिया जा रहा था। अभ्यर्थियों ने बताया कि मैथ्स को छोड़ कर सामान्य ज्ञान और हिंदी के प्रश्न पत्र तैयारियों के अनुकूल आए थे। रीजनिंग भी सामान्य थी, कुल मिलाकर पेपर बैलेंस रहा। परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने बरेली कॉलेज के मुख्य द्वार के आसपास स्थित फोटोस्टेट और जनसेवा केंद्रों की दुकानें सुबह करीब साढ़े आठ बजे बंद करा दीं। दुकानदारों को परीक्षा समाप्त होने के बाद ही दुकानें खोलने की अनुमति दी गई।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *