बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। बिजली विभाग ने बुधवार को बकाया बिलों की वसूली को लेकर विशेष अभियान चलाया। सितंबर माह के अंत मे बकाया धनराशि जमा कराने के उद्देश्य से विभागीय टीम ने क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन और मीटर की जांच की। अभियान के दौरान बकाया बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं को नोटिस दिए गए। इसके बावजूद भुगतान नही करने पर 50 बिजली कनेक्शन काटे गए। टीम ने मौके पर करीब पांच लाख रुपये की बकाया धनराशि भी वसूल की। जेई रमेश चंद्र गौतम के नेतृत्व मे चलाए गए अभियान में उपभोक्ताओं को समय से बिजली बिल जमा करने के लिए जागरूक किया गया। जेई ने बताया कि बकाया वसूली का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि कनेक्शन कटने की कार्रवाई से बचने के लिए निर्धारित समय पर बिल का भुगतान करें। बकाया जमा नहीं करने वालों के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान टीजी-टू प्रवीण शर्मा, आदिल मलिक, काशीराम, शब्बीर अली, प्रमेंद्र, हरबीर सिंह समेत विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
