पहले दस बारह किलोमीटर पैदल या ऊंट पर सवार होकर जाना पड़ता था मतदान केंद्रों पर
राजस्थान/बाड़मेर- लोकतंत्र में मतदान के प्रति समर्पण और जागरूकता की मिसाल पेश करने वाली 101 वर्षीय मतदाता हेमी देवी का अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सम्मान किया गया। निर्वाचन विभाग जयपुर के निर्देशानुसार गुरुवार को शतायु मतदाताओं के सम्मान कार्यक्रम के तहत गुड़ामालानी विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी धोरीमन्ना बद्रीनारायण विश्नोई ने हेमी देवी की ढाणी पर पहुंचकर उन्हें पुष्पमाला, श्रीफल और निर्वाचन विभाग की ओर से जारी प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी धोरीमन्ना बद्रीनारायण विश्नोई ने बताया कि गुड़ामालानी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 66, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय फरडदो की ढाणी की 101 वर्षीय मतदाता हेमी पत्नी मूलाराम का सम्मान किया गया। रेतीले धोरों के बीच स्थित उनकी ढाणी पर पहुंचकर अधिकारियों ने उन्हें सम्मानित किया और मतदान के प्रति उनके लंबे समय से जारी समर्पण की सराहना की। इस दौरान हेमी देवी ने अपने मतदान के अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह 101 वर्ष की हो चुकी हैं और उन्होंने हर बार चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
उन्होंने कहा कि पहले मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए 10 से 12 किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ता था या ऊंट पर सवार होकर जाना पड़ता था। अब समय के साथ सुविधाओं में बदलाव आया है। सरकार की ओर से घर पर मतदान करने की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है, जिससे बुजुर्ग मतदाताओं को काफी सहूलियत मिली है। हेमी देवी का सम्मान लोकतंत्र में मताधिकार के महत्व और मतदान के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी का प्रेरक उदाहरण रहा। उनका अनुभव नई पीढ़ी के मतदाताओं को भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करता है। इस अवसर पर धोरीमन्ना तहसीलदार चंद्र प्रकाश शर्मा, चुनाव प्रकोष्ठ के कार्मिक जितेंद्र कुमार सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
