मकान निर्माण के दौरान करंट लगने से राजमिस्त्री की गई जान

मीरगंज, बरेली। जनपद के थाना मीरगंज क्षेत्र के सिंधौली चौराहे पर रविवार को एक राजमिस्त्री की हाईवोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना मकान निर्माण कार्य के दौरान हुई। मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान रामपुर जिले के मिलक थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैनिया खुर्द निवासी 30 वर्षीय रामरक्षपाल के रूप में हुई है। वह पिछले एक माह से मीरगंज के सिंधौली चौराहे पर एक निर्माणाधीन मकान में राजमिस्त्री का काम कर रहे थे। रविवार को मकान की छत पर लेंटर डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान रामरक्षपाल लोहे की फंटी लेकर छत पर पहुंचे। अचानक फंटी मकान के पास से गुजर रही हाईवोल्टेज बिजली लाइन से छू गई। फंटी छूते ही रामरक्षपाल को तेज करंट लगा। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद साथी मजदूर उन्हें तुरंत इलाज के लिए बरेली के दो निजी अस्पतालों में ले गए लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें भर्ती नही किया। परिजनों को सूचना दी गई। जिसके बाद देर शाम उन्हें मिलक के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने रामरक्षपाल को मृत घोषित कर दिया। रामरक्षपाल अपने पीछे पत्नी और बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *