चौहटन नगर पालिका में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक किया मताधिकार का प्रयोग

राजस्थान/बाड़मेर- नगरीय निकाय आम चुनाव के द्वितीय चरण के तहत शुक्रवार को बाड़मेर जिले के चौहटन नगर पालिका क्षेत्र में शाम 6 बजे तक 85.17 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं से लेकर वरिष्ठ नागरिकों ने लोकतंत्र के महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी रवीन्द्र कुमार ने बताया कि चौहटन नगर पालिका क्षेत्र में शुक्रवार प्रातः 10 बजे तक 34.33 , दोपहर 1 बजे तक 66.22, दोपहर 3 बजे तक 77.34 तथा अंतिम रूप से शाम 6 बजे तक 85.17 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। उनके मुताबिक चौहटन नगर पालिका क्षेत्र में 9688 में से 8251 मतदाताओं ने मताधिकार का हक़ अदा किया।

बाड़मेर जिलाधिकारी एंव जिला निर्वाचन अधिकारी चिन्मयी गोपाल के निर्देशन में जिला प्रशासन की ओर से मतदान के दौरान शांति, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गईं। मतदान केन्द्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कार्मिकों ने पूरी तत्परता के साथ निर्वाचन प्रक्रिया का संचालन किया। उन्होंने बताया कि मतदान केन्द्रों पर जिला प्रशासन की ओर से मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं,छाया,पानी सहित आवश्यक सुविधाओं का ध्यान रखा गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर विशेष तौर पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। चौहटन नगर पालिका क्षेत्र में बड़ी संख्या में युवा पहली बार मतदान करने पहुंचे। पहली बार वोट डालने वाले युवाओं में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को लेकर विशेष उत्साह नजर आया। वहीं वरिष्ठ नागरिकों ने भी लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर मतदान किया।

चौहटन नगर पालिका क्षेत्र में मतदान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल तथा पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने विभिन्न मतदान केन्द्रों का दौरा किया। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, मतदाताओं की सुविधा तथा निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, निर्भीक एवं स्वतंत्र रूप से सम्पन्न कराने के लिए निर्वाचन कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान रिटर्निंग अधिकारी अनिल कुमार जैन, पुलिस उप अधीक्षक जेठाराम, तहसीलदार वीरमाराम समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। इधर, जिला निर्वाचन अधिकारी ने शांतिपूर्ण मतदान में सहयोग के लिए सभी मतदाताओं, निर्वाचन कार्मिकों, पुलिस एवं सुरक्षा बलों तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारियों- कर्मचारियों का आभार जताया है।

मतदान केन्द्रों पर शुक्रवार को सशक्त लोकतंत्र की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। कहीं पहली बार वोट डालने पहुंचे युवा उत्साह से भरे नजर आए, तो महिलाओं के साथ वरिष्ठ नागरिक लोकतांत्रिक परंपरा को मजबूत करने के संकल्प के साथ मतदान करते दिखाई दिए। विभिन्न आयु वर्ग के मतदाताओं की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की भूमिका महत्वपूर्ण है। दिव्यांग मतदाताओं ने भी उत्साह के साथ मतदान किया।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *