समाज के हर वर्ग ने बढ़-चढ़कर किया अपने मताधिकार का प्रयोग, कुल 75.84 प्रतिशत मतदान

राजस्थान/बाड़मेर-  नगर निकाय आम चुनाव 2026 के द्वितीय चरण में बालोतरा जिले की नगर परिषद बालोतरा सहित नगर पालिका सिवाना, सिणधरी एवं धोरीमन्ना में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। लोकतंत्र के महापर्व में समाज के हर वर्ग ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं।

जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार यादव ने बताया कि द्वितीय चरण में चारों नगरीय निकायों के 120 वार्डों में कुल 95,142 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 72,154 मतदाताओं ने मतदान किया, जिससे कुल मतदान प्रतिशत 75.84 प्रतिशत रहा।

धोरीमन्ना उपखंड अधिकारी बद्रीनारायण विश्नोई और तहसीलदार चन्द्र प्रकाश शर्मा द्वारा मतदाताओं से जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों के अनुसार ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं को मताधिकार के लिए प्रेरित करते हुए धोरीमन्ना नगर पालिका क्षेत्र में मतदान प्रतिशत के लिहाज से नगर पालिका धोरीमन्ना में सर्वाधिक 91.59 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां 6,847 मतदाताओं में से 6,271 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सिणधरी में 7,198 मतदाताओं में से 5,858 ने मतदान किया और मतदान प्रतिशत 81.38 प्रतिशत रहा। वहीं सिवाना में 19,880 मतदाताओं में से 13,781 मतदाताओं ने मतदान किया तथा मतदान प्रतिशत 69.32 प्रतिशत रहा। नगर परिषद बालोतरा में कुल 61,217 मतदाताओं में से 46,244 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां मतदान प्रतिशत 75.54 प्रतिशत रहा l

चारों नगरीय निकायों में मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। सुबह 10 बजे तक कुल 27.86 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 53.40 प्रतिशत, दोपहर 3 बजे तक 65.76 प्रतिशत तथा शाम 6 बजे तक अंतिम रूप से 75.84 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

मतदान केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं, दिव्यांग मतदाताओं और पहली बार मतदान करने वाले नव मतदाताओं ने भी उत्साह के साथ मतदान किया। निर्वाचन आयोग एवं जिला प्रशासन की ओर से मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार यादव के निर्देशन में मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। मतदान दलों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने निर्धारित दिशा- निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न करवाया। द्वितीय चरण के मतदान के साथ बालोतरा जिले में नगर निकाय चुनाव की मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुई। अब 14 सितंबर को मतगणना होगी।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *