नकली तेल व गुलाब जल की फैक्ट्री का भंडाफोड़

प्रयागराज : ब्रांडेड कंपनी के नकली तेल, गुलाब जल बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। झूंसी पुलिस ने मामले में अशोक कुमार पुत्र सौदागर को गिरफ्तार किया है। वह झूंसी के बुढ़वा बाबा कटका गांव का रहने वाला है। उसके घर से सैकड़ों शीशी नकली तेल, गुलाब जल व अन्य सामान बरामद हुआ है। फैक्ट्री से बना माल दूसरे जिलों में भी बिकता था।

मंगलवार शाम पुलिस लाइन सभागार में अभियुक्त को मीडिया के सामने पेश किया गया। एसपी गंगापार धवल जायसवाल ने बताया कि अशोक कुमार काफी शातिर है। वह दिन में गुमटी लगाकर पान व सिगरेट बेचता था। रात में नामी कंपनियों का नकली तेल समेत दूसरा सामान तैयार करता था। नकली प्रोडक्ट शहर के अलावा वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में बिकता था। दूसरे जिले के लोग यहां आते थे अशोक से सस्ते दाम पर खरीदकर बेचते थे। इसकी जानकारी होने पर इंस्पेक्टर झूंसी नरेंद्र प्रसाद, एसआइ मनोज कुमार, मो. अली, जितेंद्र व अरविद की टीम को लगाया गया था, जिन्होंने इसका भंडाफोड़ किया। अभियुक्त की निशानदेही पर हजारों शीशी नकली तेल, गुलाब जल, खाली शीशी, स्टीकर, ढक्कन, हजारों पाउच नकली चाय, खाली रैपर समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस का दावा है कि अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि वह गुलाब जल के लिए पानी और केमिकल इस्तेमाल करता था। तेल भी केमिकल व अन्य पदार्थ मिलाकर बनाता था। खुली चाय लाकर उसे पाउच में भरकर तैयार करवाता था। गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों के बारे में पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।