EVM व मतदान सामग्री वितरण और संग्रहण व्यवस्थाओ को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

*मतदान दलों की रवानगी

राजस्थान/बाड़मेर – पंचायती राज आम चुनावो के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार यादव ने मंगलवार को एमबीआर महाविद्यालय का निरीक्षण कर मतदान दलों की रवानगी सहित विभिन्न चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान दलों के आवागमन, बैठने, ईवीएम मशीनों एवं मतदान सामग्री के वितरण तथा मतदान के पश्चात सामग्री संग्रहण की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की।

जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार यादव ने निर्देश दिए कि मतदान दलों की रवानगी के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हो तथा सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समय पर पूरी की जाएं। इसके लिए मतदान दलों की रवानगी हेतु दो अलग- अलग द्वार विकसित करने तथा आवागमन को सुगम बनाये रखें, ताकि मतदान दलों को केंद्र में प्रवेश करने और रवानगी के समय अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने परिसर में यातायात प्रबंधन को व्यवस्थित रखने तथा वाहनों की आवाजाही के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होने मतदान दलों के बैठने के लिए पर्याप्त एवं सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान दलों को रवानगी से पूर्व आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के लिए उचित व्यवस्था मिलनी चाहिए, ताकि निर्धारित समय पर दल अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो सकें।

उन्होंने ईवीएम मशीनों के वितरण तथा मतदान सामग्री वितरण की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदान दल को आवश्यक सामग्री समय पर उपलब्ध करवाई जाए। सामग्री वितरण की प्रक्रिया इस प्रकार व्यवस्थित हो कि मतदान दलों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो और रवानगी में अनावश्यक विलंब की स्थिति उत्पन्न नहीं हो। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्य के लिए निर्धारित स्थान एवं मार्ग स्पष्ट होने चाहिए, ताकि मतदान दलों को अपनी निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने में आसानी हो। साथ ही अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मतदान संपन्न होने के बाद मतदान सामग्री जमा करवाने की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी यादव ने निर्देश दिए कि मतदान पश्चात सामग्री संग्रहण के लिए पर्याप्त स्थान, निर्धारित प्रक्रिया और सुव्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए, जिससे सामग्री जमा करवाने के दौरान अनावश्यक भीड़ अथवा अव्यवस्था नहीं हो। उन्होंने महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित करने तथा मतदान दलों की रवानगी और वापसी के दौरान सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंचायती राज आम चुनाव 2026 से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित लेआउट एवं चुनावी आवश्यकताओं के अनुरूप समय पर पूर्ण की जाएं, ताकि मतदान दलों की रवानगी से लेकर मतदान पश्चात सामग्री संग्रहण तक की समस्त प्रक्रिया सुव्यवस्थित एवं निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनसिंह महेचा, नगर विकास न्यास के सचिव अशोक कुमार, तहसीदार विशनसिंह, जिला परिवहन अधिकारी भगवान गहलोत, जिला रसद अधिकारी विनिता शर्मा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *