कम्पोजिट विद्यालय जोगीठेर में विद्यार्थियों को ई-वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण के प्रति किया जागरूक

* प्रार्थना सभा में आयोजित हुई प्रश्नोत्तरी, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का दिया संदेश

बरेली। पर्यावरण संरक्षण और इलेक्ट्रॉनिक कचरे (ई-वेस्ट) के सुरक्षित निस्तारण के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद बरेली के क्यारा ब्लॉक स्थित कम्पोजिट विद्यालय जोगीठेर में जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई। प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को ई-वेस्ट के उचित संग्रहण, पुनर्चक्रण और सुरक्षित निस्तारण के महत्व की जानकारी दी गई।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक डॉ. लाल बहादुर गंगवार ने विद्यार्थियों को ई-वेस्ट से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि खराब या अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कूड़े में फेंकने के बजाय एकत्रित कर अधिकृत रिसाइक्लर के माध्यम से उनका उचित निस्तारण करना चाहिए। इससे पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम के दौरान प्रार्थना सभा में ई-वेस्ट से संबंधित प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। उन्हें इलेक्ट्रॉनिक कचरे के जिम्मेदारीपूर्वक संग्रहण और निस्तारण के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और उन्हें स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित करना है।

यह गतिविधि ‘इको क्लब फॉर मिशन लाइफ’ पोर्टल पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से संचालित की गई। गतिविधि से संबंधित तीन स्पष्ट तस्वीरें भी अपलोड की गईं। तस्वीरों में ई-वेस्ट संबंधी संदेशों वाले बैनर के साथ विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई।

इस अवसर पर मोहन सिंह, गौरव गंगवार, आकांक्षा रावत, चरन सिंह तथा पंडित अनिल कुमार शर्मा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *