बरेली। मरीजों के सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर बेसमेंट में ओटी, आईसीयू संचालन करने वाले चार अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई की। अस्पतालों का आईसीयू, एसएनसीयू और ओटी सील कर दिया गया है। साथ ही बायोमेडिकल वेस्ट और फायर फाइटिंग सिस्टम संतोषजनक नहीं मिलने पर नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को चेकिंग अभियान चलाया। पंजीकरण नोडल अधिकारी डॉ. लईक अंसारी के साथ टीम ने नरियावल, ठिरिया में कई अस्पतालों की चेकिंग की। टीम ने ठिरिया स्थित हेल्थ केयर सेंटर, एसके हॉस्पिटल, प्राइम हॉस्पिटल और नरियावल स्थित अल्फा हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया। जांच में एसके हॉस्पिटल और प्राइम हॉस्पिटल में ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, एनआईसीयू और पैथोलॉजी बेसमेंट में संचालित मिलीं। इस पर नोडल अधिकारी डॉ. लईक अंसारी ने ओटी, आईसीयू सील कर दिया। हेल्थ केयर सेंटर में निरीक्षण के दौरान तीन मरीज भर्ती मिले, लेकिन कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण और जैव-चिकित्सीय मौजूद नहीं था। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण और जैव-चिकित्सीय अपशिष्ट निस्तारण से जुड़े आवश्यक दस्तावेज और अनापत्ति प्रमाण पत्र भी स्टाफ नहीं दिखा सका। अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर को सील कर दिया गया। नरियावल स्थित अल्फा हॉस्पिटल में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले। मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल का संचालन बंद करा दिया। निरीक्षण टीम में डॉ. लईक अहमद अंसारी, डॉ. अमित दिनकर समेत अन्य लोग शामिल रहे।।
बरेली से कपिल यादव
