कांवड़ियों पर बरसेंगे फूल प्रसाद के रूप में बंटेंगे पौधे, शुरू कर दी तैयारी

बरेली। सावन के महीने में प्रशासन ने कांवड़ियों के स्वागत के लिए तैयारी शुरू कर दी है। कांवड़ यात्रा के दौरान प्रमुख शिव मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मंदिरों में कांवड़ियों को प्रसाद के रूप में पौधे भी वितरित किए जाएंगे। बरेली में प्रशासन ने पिछले वर्ष कांवड़ियों और नाथ नगरी के प्रमुख शिव मंदिरों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की थी। इस बार भी अलखनाथ मंदिर, त्रिवटीनाथ मंदिर, धोपेश्वरनाथ मंदिर, तपेश्वरनाथ मंदिर, वनखंडीनाथ आदि मंदिरों के ऊपर फूलों की बरसात होगी। इसके साथ ही कांवड़ियों के रूट विशेषकर रामगंगा पुल पर आसमान से फूल बरसाए जाएंगे। कांवड़ यात्रा को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की भी तैयारी की गई है। इसके लिए प्रमुख मंदिरों से श्रद्धालुओं विशेष रूप से कांवड़ियों को पौधे बांटे जाएंगे। इसके लिए कमिश्नर ने वन विभाग को निर्देश दिया है। वन विभाग मंदिरों से संपर्क कर पौधे उपलब्ध कराएगा। इस अभियान में पौधरोपण में सक्रिय स्वयंसेवी संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाएगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *