सरकार के दमनचक्र व फर्जी मुकदमों से नहीं डरेंगे कांग्रेस के कार्यकर्ता : प्रदेश अध्यक्ष

बरेली। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि सरकार अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए लगातार कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं पर दमन चक्र चला रही। पश्‍चि‍मी उत्तर प्रदेश के पदाध‍िकारियों के साथ बरेली में समीक्षा बैठक करने पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्‍लू ने कानून व्‍यवस्‍था को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। कहा कि राज्‍य में बेट‍ियों और मह‍िलाओं की सुरक्षा भगवान भरोसे है। दुष्कर्म और हमले की घटनाएं यूपी में अपराध की स्थिति बयां कर रही हैं। व‍िरोध में आवाज उठा रहे व‍िपक्षी नेताओं पर भाजपा पुल‍िस के जर‍िए लाठ‍ियां बरसा रही है और बेवजह उनको जेल भेज रही है। सरकार कुछ भी कर ले मगर व‍िरोध की आवाज दबा नहीं पाएगी। कांग्रेसी न लाठी-गोली से डरेंगे और न जेल जाने से। वही पार्टी में गुटबाजी को लल्लू ने परिवार का मामला बताया। इसके साथ ही 2022 का चुनाव अकेले लड़ने का भी इशारा किया। मायावती पर तंज कसते हुए कहा कि सभी जानते हैं कि उनका ट्विटर अकाउंट कौन हैंडल कर रहा। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका स्वागत भी किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आलोक प्रसाद की गिरफ्तारी के पहले उन्हें खुद को योगी सरकार ने फर्जी मुकदमा लगाकर एक महीने जेल में रखा। इसके अलावा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ अनूप पटेल को विधानसभा के सामने महिला की आत्महत्या करने के मामले में फर्जी फंसाया गया। अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन शाहनवाज आलम को झूठे मुकदमे में जेल भेजा गया। पूर्व पार्षद शैलेंद्र तिवारी बबलू को फर्जी मुकदमे में जेल भेजा गया और अब भाजपा के कार्यालय के सामने महिला के आत्मदाह का प्रयास करने के मामले में अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन आलोक प्रसाद को फर्जी फसाने का षड्यंत्र कर रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा क‍ि जुल्‍म की श‍िकार मह‍िलाएं लखनऊ में सरकार की आंखों के सामने खुद को आग लगा रही हैं मगर उनकी कोई सुनने वाला नही हैं। च‍ित्रकूट में एक बेटी के साथ जो कुछ हुआ, उसे शब्‍दों में बयां नहीं क‍िया जा सकता। पर‍िवार की मदद की जगह सरकार मामले को दबाने में जुटी नजर आई। बेट‍ियों पर तेजाब उड़ेला जा रहा है। अत्‍याचार हो रहे हैं। पूर्वांचल से पश्‍च‍िमी यूपी तक जनता खुद को असहाय महूसस कर रही है। य‍ह जंगलराज नहीं तो और क्‍या है। पीलीभीत बाईपास स्थित एक बारात घर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिला शहर अध्यक्षों एवं प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में संगठन की मजबूती के लिए पदाधिकारियों की जिम्मेदारी भी उन्होंने तय की। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सूबे में कांग्रेस तेजी से अपना जनाधार मजबूत कर रही है। ऐसे में संगठन के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वह अन्य लोगों के साथ जुड़कर उनकी समस्याओं का समाधान करें।कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस प्रदेश महासच‍िव ब्रह्मस्‍वरूप सागर ने क‍िया। समीक्षा बैठक में दौरान यूसफ अली तुर्क, बदरुद़दीन कुरैशी, अन‍िल यादव के अलावा बरेली कांग्रेस ज‍िलाध्‍यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी, महानगर अध्‍यक्ष अजय शुक्‍ला, इलियास अंसारी, पारस शुक्ला, जिया उर रहमान समेत ज‍िलों के पदाध‍िकारी मौजूद रहे। कांग्रेस‍ियों ने प्रदेश अध्‍यक्ष का जगह-जगह स्‍वागत क‍िया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।