बरेली। सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों मे जलाभिषेक करने के लिए कई स्थानों से कांवडियों के जत्थे जल भरने के कछला रवाना हुए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह उनका स्वागत किया। हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। लोग उत्साहित नजर आए। अलीगंज : ग्राम अंतपुर से शुक्रवार को 150 कांवड़ियों का जत्था कछला रवाना हुआ। कावड़िए गंगाजल लेकर सोमवार को गुलड़िया गौरी शंकर मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जल अभिषेक करेंगे। पूर्व ब्लाक प्रमुख डॉक्टर जीराज सिंह यादव ने कांवड़ियों का स्वागत किया। हर हर महादेव और बम भोले के जयकारों व डीजे की धुन से वातावरण भक्ति में हो गया। बिशारतगंज : गुरुवार रात कस्बा से 151 शिव भक्तों का जत्था कछला घाट से जल भरने को रवाना हुआ। पूर्व अध्यक्ष सूरजपाल मौर्य ने बताया कि जत्थे में कस्बा व गांव जैतपुर शरिफपुर से 151 शिव भक्त शामिल हुए। जत्था सोमवार को गौरीशंकर गुलड़िया शिव मंदिर पर जलाभिषेक करेगा, जो जैतपुर शरिफपुर गांव के रहने वाले पप्पू पुजारी की अगुवाई में गया है। शिव भक्तों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। मीरगंज हरिद्वार से जा रहे कांवड़ियों का बाजार के सामने समाजसेवी एवं मुक्ता प्रसाद डिग्री कॉलेज के प्रबंधक डॉ. दिनेश गंगवार ने फूल-मालाएं पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा और सनातन संस्कृति का प्रतीक है। शिवभक्तों की सेवा करना सौभाग्य की बात है। कॉलेज की अध्यक्ष प्रमिला गंगवार ने भी कांवड़ियों का स्वागत किया। इस दौरान गुड्डू वर्मा, अनंत आदि उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव
