आंवला, बरेली। काशी से प्रारंभ हुई संत शिरोमणि गुरु रविदास की शोभायात्रा शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे क्षेत्र में पहुंची। श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। मोहल्ला विलायतगंज स्थित दुर्गा मंदिर पर पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं ने शोभायात्रा यात्रा का भव्य स्वागत किया। इसके बाद शोभायात्रा शक्ति नगर, इन्द्रा नगर, भुर्जी टोला स्थित बाबा वाल्मीकि मंदिर पहुंची। जहां स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने रथ पर पुष्पवर्षा की। रथ यात्रा क्षेत्र के प्रमुख मार्गों और विभिन्न मोहल्लों से होकर गुजरी। मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि संत रविदास महाराज ने समाज में ऊंच-नीच और भेदभाव मिटाकर प्रेम, बंधुत्व और समानता का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं और आदर्श आज भी संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। इस दौरान ब्लाक प्रमुख पति वेद प्रकाश यादव, अनमोल गुप्ता, डॉ. इंद्रपाल, प्रभाकर शर्मा, रामनिवास मौर्य, जितेंद्र चंद्र, रामदीन सागर, रजत राज प्रेमी, सचिन गुप्ता, सूरजपाल मौर्य, रामवीर प्रजापति, दिनेश मौर्य, सुनील श्रीवास्तव, मीना मौर्य और उषा सतीजा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पिंक चौकी इंचार्ज नितिन कुमार टीम के साथ मुस्तैद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
