बरेली। दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली आदि पर कानून एवं शांति व्यवस्था के संबंध में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक पंडित राधेश्याम कथावाचक स्मृति सभागार में हुई। इसमें रावण दहन स्थलों पर बैरिकेडिंग और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। बैठक में लोगों से उनके क्षेत्र की समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई। लोगों ने खराब सड़कों, सफाई व्यवस्था, खराब रोड लाइट आदि से सम्बंधित समस्याओं के बारे में बताया गया। डीएम ने सम्बंधित अधिकारियों को त्यौहारों से पूर्व कार्य करवाने के निर्देश दिये। डीएम ने कहा कि बिना अनुमति के कोई भी आयोजन नहीं होगा। डीजे पर अशोभनीय गाने न बजाए जाएं। डीजे तेज आवाज बजाने पर कार्यवाही होगी और पुलिस-प्रशासन द्वारा अराजक तत्वों से कठोरता से निपटेगा। रामलीलाओं में अशोभनीय नृत्य आदि न कराए जाएं। निर्देश दिया कि रावण के पुतले उतनी ही ऊँचाई के बनाए कि सुरक्षा मानकों का पालन हो सके। उन्होंने कहा कि झूलों की अनुमति अवश्य ली जाए, रावण दहन स्थल की बैरिकेडिंग अवश्य करा ली जाए और समस्त संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाए जाएं। दुर्गा पूजा पंडाल में अग्निशमन मानकों की दृष्टि से निरीक्षण हो और फायर टेंडर की व्यवस्था भी रहे। बैठक में निर्देश दिए गए कि नवरात्रि, दुर्गा पूजा, रामलीला, दशहरा को शांतिपूर्ण मनाएं, कानून व शांति व्यवस्था हर नागरिक की जिम्मेदारी है। मार्गों के गड्ढे संबंधित विभाग नवरात्रि से पूर्व ठीक करा लें। विद्युत विभाग भी तारों आदि ठीक करा लें। 10 अक्टूबर से विभाग का कंट्रोल रुम भी आरम्भ हो जाए।।
बरेली से कपिल यादव
