गैंगस्टर की कार्रवाई के बाद हिस्ट्रीशीटर चिरकुंडा फरार

बरेली। शातिर अपराधी राजेंद्र उर्फ चिरकुंडा गैंगस्टर की कार्रवाई के बाद फरार हो गया है। कैंट पुलिस की टीमें उसकी तलाश में दबिश दे रही हैं लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग रहा है। आपको बता दें कि बारादरी के मोहल्ला कालीबाड़ी निवासी राजेंद्र उर्फ चिरकुंडा शातिर बदमाश है। उसके खिलाफ कोतवाली, बारादरी, प्रेमनगर, कैंट और भोजीपुरा में 30 मुकदमे हैं। ये मुकदमे आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, चोरी, लूट व एनडीपीएस को लेकर लिखे गए हैं। पूर्व में दो बार उसके खिलाफ कोतवाली से गैंगस्टर की कार्रवाई भी हो चुकी है। वर्ष 2025 में कैंट पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री संचालन का भंडाफोड़ कर राजेंद्र उर्फ चिरकुंडा और उसके साथी राजेश, अभिषेक, प्रेम कच्छू उर्फ किच्छू, आकाश और अक्षय को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इन सभी आरोपियों की जमानत हो चुकी है। इसके बाद 19 सितंबर को कैंट पुलिस ने इन आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की। इस गैंग का लीडर राजेंद्र उर्फ चिरकुंडा को बनाया गया और उस पर गैंगस्टर की यह कार्रवाई तीसरी बार की गई है। इसके बाद से ही कैंट पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है लेकिन वह फरार है। कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर ने बताया कि चिरकुंडा और उसके गैंग के सदस्यों की तलाश में टीमें लगी हुई हैं। जल्दी ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कैंट और कोतवाली में छह वारंटी गिरफ्तार : सोमवार रात चलाए गए अभियान में कैंट पुलिस ने शिवनगर निवासी गीताराम, पालपुर के गुड्डू, नरेंद्र, चौबारी के शिशुपाल और शेरसिंह को गिरफ्तार किया है। वहीं, कोतवाली पुलिस ने बांसमंडी निवासी दीनानाथ को गिरफ्तार कर किया है। सभी आरोपियों के वारंट जारी होने के कारण कोर्ट में पेश किया गया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *