बरेली। जनपद के बारादरी थाना क्षेत्र में एक युवक मासूम को बहला-फुसलाकर अपनी डेयरी पर ले गया और वहां उसके साथ गलत काम किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित के पिता ने बारादरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। आखिरकार बुधवार को पुलिस ने आरोपी शिवम उर्फ कल्लू को संजयनगर पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर लिया। 15 नवंबर 2026 को एक व्यक्ति ने बारादरी थाने पहुंचकर अपने 14 वर्षीय बेटे के साथ यौन शोषण किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के पिता ने आरोप लगाया कि गोपालनगर निवासी शिवम उर्फ कल्लू पुत्र सोमपाल उनके बेटे को बहला-फुसलाकर अपनी डेयरी पर ले गया। आरोप है कि वहां किशोर के साथ यौन शोषण किया गया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी गिरफ्तारी के डर से छिपने लगा। पुलिस उसकी तलाश में जुटी रही और संभावित ठिकानों पर जानकारी जुटाती रही। पुलिस को मुखबिर से आरोपी के संजयनगर पेट्रोल पंप के पास मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर शिवम उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कहीं बाहर जाने की फिराक में था। इससे पहले कि वह शहर से निकल पाता, पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पढ़ा-लिखा नहीं है और कोई नियमित काम नहीं करता। वह डेयरी पर ही रहता था। आरोपी ने बताया कि घटना के समय वह नशे में था और किशोर को बहला-फुसलाकर डेयरी पर ले गया था। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने किशोर के साथ गलत काम करने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस ने मामले की विवेचना के दौरान शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ उपलब्ध साक्ष्यों की जांच भी की गई। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में पॉक्सो एक्ट की धारा बढ़ाई गई।।
बरेली से कपिल यादव
