मीरगंज, बरेली। एएनटीएफ और मीरगंज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। उसके कब्जे से 1.300 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसे देहरादून के तस्करों को सप्लाई किया जाना था। एएनटीएफ की बरेली यूनिट के प्रभारी विकास यादव ने शुक्रवार को मीरगंज पुलिस के साथ बरेली-रामपुर हाईवे स्थित परौरा कट के पास घेराबंदी करके फरीदपुर के गांव मोहनपुर निवासी तस्कर जब्बार खां को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जब्बार खां के कब्जे से एक किलो 300 ग्राम हेरोइन, मोबाइल और 1200 रुपये बरामद किए हैं। इंस्पेक्टर मीरगंज रवि कुमार ने बताया कि जब्बार खां अपने सगे भाई सत्तार खां के साथ मिलकर खुद ही हेरोइन बनाता है और देहरादून के तस्करों को सप्लाई करता है। उसका भाई सत्तार अभी वांछित चल रहा है। जब्बार को पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया। पुलिस की पूछताछ में जब्बार ने बताया कि इस वर्ष वह अब तक 25 से 30 बार देहरादून के तस्करों को हेरोइन की सप्लाई कर चुका है। शुक्रवार को भी देहरादून की पार्टी हेरोइन लेने हाईवे पर आ रही थी, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। यह भी जानकारी में आया है कि वह व्हाट्सएप पर तस्करों से डील करता था और फिर कॉल डिलीट कर देता थे।।
बरेली से कपिल यादव
