बरेली – अपने शहर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। अपने देश की प्रसिद्ध रामलीला में से एक नोएडा सेक्टर 62 डी पार्क में “श्री राम मित्र मंडल नोएडा” के द्वारा आयोजित “श्री रामलीला महोत्सव-2026” में मुरादाबाद की संस्था “श्री जानकी कला मंच” के कलाकार संजीव कुमार के दिशा निर्देशन में रामलीला के विभिन्न प्रसंगों का मंचन कर रहे हैं। जिसमें बरेली आकाशवाणी के उद्घोषक, रंगकर्मी, निर्देशक देवेन्द्र रावत और वरिष्ठ संगीतकार अजय विक्टर अपनी आवाज के माध्यम से रामभक्तों को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं। देवेन्द्र रावत ने बताया कि “गढ़वाल सभा बरेली” की रामलीला में पांच वर्ष की उम्र में जुड़ा उसके बाद दिल्ली, मुम्बई और ऋषिकेश की रामलीला में भाग लिया और नए अध्याय लिखे। आज आकाशवाणी बरेली और रामपुर, फीचर फिल्में, सीरियल और रंगमंच में प्रभु श्री राम जी के आशीर्वाद से कार्य कर पाना संभव हुआ। कितना भी आवश्यक कार्य हो लेकिन शारदीय नवरात्र पर आयोजित रामलीला का मोह बरबस ही अपनी ओर खींच लाता है। इसी प्रकार अजय विक्टर ईसाई धर्म के होने के बाद भी प्रभु श्री राम की मन से सेवा करते हैं। वह कहते हैं कि कलाकार का सबसे बड़ा धर्म मानवता और इंसानियत है जो प्रभु श्री राम के प्रसंगों में सीख मिलती है।
नोएडा रामलीला में छा रहा है बरेली की आवाज का जादू
