बहेड़ी, बरेली। जनपद के थाना बहेड़ी क्षेत्र के गांव गुड़वारा मे रविवार को हाईवे पर उस समय अफरा -तफरी मच गई, जब बरेली की ओर जा रही एक चलती सीएनजी कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में कार आग की लपटों से घिर गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि कार सवार दोनों लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, बरेली की ओर जा रही कार में सीएनजी किट लगी हुई थी। सफर के दौरान अचानक कार से धुआं उठने लगा। चालक ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए कार को सड़क किनारे रोक दिया और अपने साथी के साथ बाहर निकल आया। देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई और हाईवे पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। आग के दौरान कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। जिसे बाद में सामान्य कराया गया।।
बरेली से कपिल यादव
