बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। कस्बा के मोहल्ला बसंत विहार में शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। निर्माणाधीन मकान में होकर चोर ताराचंद गंगवार के घर में घुस गए। ताराचंद गंगवार शनिवार को अपने गांव हौसपुर गए थे। घर पर उनकी पत्नी मुन्नी देवी, बेटा सचिन और बेटी सपना सो रही थी। चोर छत से होकर घर में घुस गए। कमरे में रखे संदूक का ताला तोड़कर दस हजार रुपए, सोने के झाले, चेन, अंगूठी, मंगलसूत्र, दो जोड़ी पायल एवं गुल्लक तोड़कर उसमें रखे रुपए चोरी कर ले गए। परिजन रविवार सुबह जागे तो संदूक का सामान बिखरा देखकर चोरी की जानकारी हुई। पत्नी की सूचना पर ताराचंद गंगवार घर लौटे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।।
बरेली से कपिल यादव
