ठेकेदारों पर भड़के सफाई कर्मचारी, कोतवाली का किया घेराव, धमकाने के लगाए आरोप

बरेली।नगर निगम के आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों ने साप्ताहिक अवकाश नहीं मिलने और उत्पीड़न के विरोध में रविवार को ठेकेदारों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। स्थानीय निकाय सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में कर्मचारी कोतवाली पहुंचे और ठेकेदार कय्यूम खान व युनुस खान के खिलाफ शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। कर्मचारियों का आरोप है कि पूरे महीने बिना साप्ताहिक अवकाश के लगातार काम कराया जा रहा है और विरोध करने पर नौकरी से निकालने व धमकाने की बात कही जाती है। संघ के शाखा अध्यक्ष आशीष कुमार वाल्मीकि ने बताया नगर निगम के वार्ड 9, 18, 22, 42, 44 और 45 में कय्यूम खान तथा वार्ड 6, 11, 14, 16 और 29 में युनुस खान के माध्यम से आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों से पूरे महीने लगातार सफाई कार्य कराया जा रहा है। उनका कहना है कि रविवार सहित किसी भी दिन साप्ताहिक अवकाश नहीं दिया जाता। यदि कोई कर्मचारी छुट्टी मांगता है तो उसे डराया-धमकाया जाता है और काम से हटाने की धमकी दी जाती है। संघ के अनुसार रविवार सुबह बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों ने फोन कर बताया कि उन्हें जबरन ड्यूटी पर बुलाया गया है। इसके बाद संघ ने संबंधित पर्यवेक्षक के माध्यम से ठेकेदारों से संपर्क किया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बातचीत के दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, जातिसूचक शब्द कहे गए और शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। साथ ही अपने प्रभाव का हवाला देकर कर्मचारियों को डराने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायती पत्र में कहा गया है कि व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थितियां संहिता-2020 के तहत कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश दिया जाना अनिवार्य है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश शासन के आदेश का हवाला देते हुए संघ ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों को भी साप्ताहिक अवकाश का अधिकार है। इसके बावजूद नगर निगम में नियमों की अनदेखी कर कर्मचारियों से लगातार काम कराया जा रहा है। सफाई कर्मचारी संघ ने कोतवाली पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *