सिरौली, बरेली, रामपुर। सैफनी का भूड़ा मेला देखकर बाइक से घर लौट रहे तीन दोस्तों को मंगलवार देर शाम बिलारी-शाहबाद मार्ग पर चकरपुर कदीम मोड़ के पास तेज रफ्तार वाहन ने रौंद दिया। हादसे में दो की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पिपरिया निवासी सोनू (25) पुत्र संतोष अपने गांव के ही साथी अजय और लालू के साथ बाइक पर सवार होकर सैफनी में आयोजित भूड़ा का मेला देखने आया था। मंगलवार देर शाम तीनों दोस्त मेला देखकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक शाहबाद-बिलारी मार्ग पर चकरपुर कदीम मोड़ के पास पहुंची, सामने से आ रहे अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सोनू (25) की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शाहबाद पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल लालू और अजय को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान लालू ने भी दम तोड़ दिया, जिससे हादसे में मरने वालों की संख्या दो हो गई। तीसरे घायल अजय की हालत नाजुक बनी हुई है। दो भाइयों में बड़ा था सोनू होने वाली थी शादी : बताया जा रहा है कि मृतक सोनू दो भाइयों में सबसे बड़ा था और इसी नवंबर में उसकी शादी होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे की खबर आते ही परिवार में कोहराम मच गया। युवक की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना मिलते ही तीनों युवकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
बरेली से कपिल यादव
