बरेली। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत बरेली में बुधवार को 808 जोड़ों का विवाह हुआ। बरेली कॉलेज मैदान पर 405 जोड़ों का विवाह हुआ। इसमें 279 हिंदू जोड़े और 126 मुस्लिम जोड़े थे। बरेली कॉलेज में बिजली चले जाने के चलते 25 मिनट तक बॉयोमेट्रिक सत्यापन रुका रहा। इस कारण कार्यक्रम में कुछ देरी से शुरू हो पाया। जिले में बुधवार को कुल 922 जोड़ों की शादियां होनी थी। 114 जोड़ों के अनुपस्थित रहने के कारण उनकी शादी नहीं हुई। बरेली कॉलेज के साथ ही अन्य ब्लॉकों में 808 जोड़ों का विवाह हुआ। बरेली कॉलेज के मैदान पर क्यारा, बिथरी, भोजीपुरा, फतेहगंज पश्चिमी, नगर निगम बरेली, कैंट बोर्ड, नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी,नगर पंचायत धौंरा टांडा और नगर पंचायत रिठौरा के 405 जोड़ों का विवाह हुआ। विवाह से पूर्व बायोमैट्रिक सत्यापन होना था। उसी समय बिजली चली गई। बिजली नहीं होने के कारण सत्यापन रुक गया। करीब 25 मिनट के बाद सत्यापन शुरू हुआ। इस बीच बिथरी विधायक डॉ राघवेंद्र शर्मा और एमएलसी बहोरन लाल मौर्य कार्यक्रम स्थल से आकर लौट गए। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने भी देरी पर सवाल उठाए। लगभग एक बजे के मुख्य अतिथि सांसद छत्रपाल गंगवार कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। इसके बाद डॉ राघवेंद्र आदि भी दुबारा से वापस आ गए। मेयर डॉ उमेश गौतम , जिला पंचायत प्रशासक रश्मि पटेल, डीएम अविनाश सिंह, नगर आयुक्त संजीव मौर्य, सीडीओ देवयानी, पीडी डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, समाज कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर, डीपीआरओ कमल किशोर आदि की उपस्थिति में कार्यक्रम हुआ। सभी ने जोड़ों को नवजीवन की शुभकामनाएं दी। वर-वधू को उपहार में डिनर सेट, कुकर, ट्राली बैग, वैनिटी किट, सीलिंग फैन, कंबल, गद्दा, तकिया आदि 22 चीजें दी गई थी। वर-वधु को सत्यापन के बाद यह उपहार मिलने थे। उपहार ले जाने को परिजन बेताब दिखे। जैसे ही सत्यापन पूर्ण हुआ, अधिकतर परिजन सामान लेकर कैंपस से चले गए। परिजनों ने उपहार में मिले सामान की गुणवत्ता की तारीफ की। कई बार बडे़ आयोजनों में भोजन के पंडाल में अव्यवस्था हो जाती है। इसके चलते इस बार विशेष निगरानी की गई। सीडीओ देवयानी ने भोजन पंडाल का निरीक्षण कर व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। डीपीआरओ कमल किशोर की अगुआई में उनकी पूरी टीम लगातार भीड़ का प्रबंधन करती रही। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा गया। पंचायत निरीक्षक शैलेंद्र सिंह यादव भी लगातार सक्रिय रहे। कार्यक्रम के दौरान चंदौसी की 16 वर्ष की प्रभा शर्मा अपने पांडित्य कार्य से लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। गुरुकुल से पांडित्य कार्य सीखने वाली प्रभा के संस्कृत के उच्चारण को सभी ने सराहा। प्रभा ने बताया कि वे अब तक आठ विवाह करवा चुकी है।।
— बरेली से कपिल यादव
