महिला का शव खेत में मिला, हत्या का आरोप

क्योलडिया, बरेली। घर से मंगलवार को बाजार से सामान लेने गई महिला का शव बुधवार को गांव के पास गन्ने के खेत में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। महिला के सोने के कुंडल भी कानों से गायब थे। थाना क्योलड़िया क्षेत्र के तिगरी गांव की नरैनो देवी (62) पत्नी लाला राम अपने घर में ही परचून की दुकान चलाती थीं। मंगलवार की दोपहर वह नकटी नारायणपुर गांव में लगने वाली साप्ताहिक बाजार से दुकान का सामान खरीदने गई थी। शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। बुधवार को पति लाला राम ने थाना क्योलड़िया पहुंचकर पत्नी की गुमशुदगी की तहरीर दी। बुधवार की शाम गांव की एक महिला खेतों की ओर गई थी। इस दौरान उसकी नजर गन्ने के खेत में पड़े नरैनो देवी के शव पर पड़ी। हिमांशी ने गांव के लोगों और परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना पर परिजनों और गांव के लोगों के साथ-साथ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया। मृतका के कानों से सोने के कुंडल गायब थे : मृतका के पति लाला राम ने बताया कि उनकी पत्नी कानों में सोने के कुंडल पहने हुए थी। लेकिन शव से कुंडल गायब थे। उन्होंने पत्नी की हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि महिला के शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं मिले है। क्योलड़िया थानाध्यक्ष कर्म सिंह पाल ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *