कंपोजिट स्कूल नवादा बिलसंडी में 10 बैगलेस डे का आयोजन, बच्चों ने सीखा अनुभव से जीवनोपयोगी ज्ञान

बरेली। बीएसए डॉ विनीता और बीईओ फरीदपुर मुकेश कुमार भारती के निर्देशन में कंपोजिट स्कूल नवादा बिलसंडी, विकास खंड फरीदपुर में अगस्त से अक्टूबर तक 10 बैगलेस डे का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक, वैज्ञानिक, पर्यावरणीय, सांस्कृतिक एवं तकनीकी गतिविधियों में प्रतिभाग किया।
क्रमवार आयोजित गतिविधियों में मिट्टी से खिलौने एवं कलाकृति निर्माण, किचन गार्डन, पौधरोपण एवं कंपोस्ट खाद निर्माण, वर्षा जल संचयन एवं कृषि विज्ञान, स्वच्छता एवं वेस्ट पेपर बैग निर्माण, पतंग निर्माण, उड़ान विज्ञान एवं STEM मॉडल, उद्यमिता, मधुबनी चित्रकला, संगीत, नृत्य एवं नाटक, ऐतिहासिक एवं सार्वजनिक संस्थानों का भ्रमण, निर्माण स्थलों एवं सार्वजनिक सुविधाओं का अध्ययन तथा एआई व ड्रोन एवं सेंसर तकनीक का परिचय कराया गया।
इसके अतिरिक्त बाल दिवस के अवसर पर बाल मेले का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने मॉडल, परियोजनाओं, हस्तशिल्प एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रदर्शित की।
विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक एवं राज्य पुरस्कृत शिक्षक डॉ. अमित शर्मा ने कहा कि बैगलेस डे का उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ अनुभवात्मक एवं कौशलपरक शिक्षा प्रदान करना है। इससे विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं व्यावहारिक कौशल का विकास होता है।
कार्यक्रमों में डॉ. अमित शर्मा सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *