बरेली। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के बैनर तले सोमवार को व्यापारियों ने बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। सुबह करीब 11 बजे जिला अध्यक्ष अकरम खान के नेतृत्व में व्यापारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें पेट्रोल-डीजल और घरेलू व वाणिज्यिक एलपीजी गैस के दाम कम करने के साथ बिजली बिलों पर लगाए गए 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार को समाप्त करने की मांग की गई। व्यापारियों ने ज्ञापन में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तत्काल कमी करने, घरेलू एलपीजी गैस पर पर्याप्त सब्सिडी बहाल करने और वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों के दाम घटाने की मांग की। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में बिजली के बिलों पर लगाए गए 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार को तत्काल समाप्त करने और परिवहन लागत कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की गई। व्यापार मंडल का कहना है कि महंगाई का सबसे अधिक असर मध्यम वर्ग, निम्न आय वर्ग, छोटे व्यापारियों, लघु उद्योगों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष अकरम खान के अलावा परवेज आलम, गौरव गर्ग, राजेश कुमार दिवाकर, जावेद आलम, उवेश अख्तर समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
