बरेली। शहर में सोमवार की शाम हुई तेज बारिश ने निगम के जल निकासी दावों की पोल खोल दी। चंद घंटों की बारिश में दरगाह आला हजरत मोड़, मलूकपुर बजरिया, सौदागरान और बमनपुरी की सड़कें जलमग्न हो गईं। दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन इलाकों की जल निकासी व्यवस्था मुख्य रूप से टक्कर की पुलिया पर निर्भर है। स्थानीय लोगों के मुताबिक टक्कर की पुलिया का दायरा काफी संकरा है। तेज बारिश के दौरान नालों से आने वाला पानी पुलिया से पर्याप्त तेजी से नहीं निकल पाता। इससे पानी का बहाव रुकने के साथ बैकफ्लो की स्थिति बन जाती है और आसपास की सड़कें व गलियां जलमग्न हो जाती हैं। लोगों ने पुलिया का चौड़ीकरण कराने और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि हर साल बारिश में यही समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। बारिश की वजह से शहर पुराना शहर, सुभाषनगर और सिटी स्टेशन रोड समेत कई अन्य इलाकों में भी जलभराव से लोगों को परेशानी हुई। जलभराव की समस्या को देखते हुए जनसेवा टीम के अध्यक्ष पम्मी खां वारसी ने मलूकपुर समेत आसपास के इलाकों में नगर निगम प्रशासन से तत्काल कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि टक्कर की पुलिया पूरे इलाके के पानी की निकासी का मुख्य मार्ग है, इसलिए जनहित में इसका चौड़ीकरण बेहद जरूरी है।।
बरेली से कपिल यादव
