राजस्थान/बाड़मेर – जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव के निर्देशानुसार सोमवार को हुई बारिश के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान एवं नगर परिषद आयुक्त आशुतोष आचार्य ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत एवं जल निकासी के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान एवं नगर परिषद आयुक्त आशुतोष आचार्य ने शहर के प्रमुख मार्गों एवं जलभराव संभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर वर्षा से उत्पन्न परिस्थितियों का आकलन किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां भी जलभराव की स्थिति है, वहां तत्काल प्रभाव से पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान समदड़ी रोड पर जलभराव की स्थिति मिलने पर नगर परिषद की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मोटर पंप लगाकर पानी की निकासी कराई। उन्होने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जल निकासी की प्रक्रिया पूरी होने तक लगातार निगरानी रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएं।
अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने कहा कि मानसून के दौरान नागरिकों की सुरक्षा और सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नगर परिषद एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नगर परिषद आयुक्त आशुतोष आचार्य ने बताया कि बारिश के दौरान एवं उसके बाद जल निकासी के लिए नगर परिषद की टीमें पूरी तरह सक्रिय हैं। संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और आवश्यकता अनुसार पंप तथा अन्य संसाधनों की सहायता से जल निकासी का कार्य कराया जा रहा है। उन्होनेे आमजन से भी अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना तत्काल संबंधित विभाग या नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
— राजस्थान से राजूचारण
