पूर्व की सरकारों की किसान विरोधी नीतियों के चलते किसान आर्थिक रूप से कमजोर हुआ – कृषि मंत्री

*योगी आदित्यनाथ की सरकार ने किसी भी किसान का गन्ना खेत में नहीं जलने दिया – सूर्य प्रताप शाही
*प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत सहारनपुर के
*2.99 लाख किसानों के खाते में पहुंचे 59.8 करोड़ रूपए
*पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी का
*जन्म दिवस सुशासन दिवस के रूप में मानाया गया
सहारनपुर- प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा, कृषि अनुसंधान मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा है कि पूर्व सरकारों की किसान विरोधी नीतियों के चलते किसानों को उनकी पैदावार का उचित मूल्य न मिलने से किसान आर्थिक रूप से कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व वाली सरकार में किसी भी किसान को अपना गन्ना खेत में जलाने की आवश्यकता नही पड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के द्वारा जहां देशभर के 9 करोड़ 4 लाख किसानों को 18 हजार 98 करोड़ रूपए की धनराशि सीधे उनके खातों में पहुुंचाने का ऐतिहासिक कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत आज जनपद सहारनपुर के 2.99 लाख किसानों के खातों में 59.8 करोड़ रूपए की धनराशि सीधे किसानों के बैंक खाते में स्थानांतरित हुई है। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार पूरी तरह से किसानों की हितेषी है।
श्री सूर्य प्रताप शाही आज यहां मण्डी परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन को सुशासन दिवस के रूप में आयोजित किसान सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों के लिए पूरी तरह से सजग है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेनेे के तुरंत बाद प्रदेश के 86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ रूपए का बैंक कर्ज माफ किया। उन्होंने कहा कि किसानों का वह कर्ज पिछली सरकारों की देन था। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकारों ने किसानों को खुशहाल करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों को संरक्षण देते हुए जहां वर्ष 2013-14 में प्रदेश में गन्ना की पैदावार 60 लाख मीट्रिक टन 20 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में होती थी। वहीं इस बार सरकार की नीतियों के चलते प्रदेश में 25 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में किसानों ने गन्ने की बुवाई की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछली सरकारों सहित गन्ना किसानों का 36 हजार करोड़ रूपए का भुगतान गत वित्तीय वर्ष में किया है। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में जब तक खेत में गन्ना रहा तब तक चीनी मिलें चलाई गई। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश की किसी भी चीनी मिल को न तो बंद होने दिया और न ही बिकने दिया।
कृषि, कृषि शिक्षा, कृषि अनुसंधान मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने रिकाॅर्ड धान और खाद्यान्न की पैदावार के साथ न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद की है। उन्होंने कहा कि गेहूं की फसल भी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जायेंगी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने किसानों का शोषण करते हुए उन्हें 20 प्रतिशत चक्रवृद्धि की दर से कर्ज उपलब्ध कराया जाता था। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की केन्द्र सरकार ने किसानों को क्रेडिट कार्ड जारी कर चार प्रतिशत पर कर्ज उपलब्ध करा कर किसानों को आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रधानमत्री तथा मुख्मंत्री के नेतृत्व में सरकार किसानों को आर्थिक रूप से सक्षम करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि तीन कृषि कानूनो को किसानों के हित में लागू किया गया है। इनका विरोध किया जाना अनुचित है।
श्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी ने किसानों के मर्म को समझा और हर स्तर पर किसानों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहे। उन्होने कहा कि कोरोना जैसी महामारी के दौर में जब सब तरफ सभी सुविधाएं बन्द थी उस समय में भी सरकार द्वारा किसान सम्मान निधि के रूप में किसानों के खातों में पैसा भेजकर उन्हे आर्थिक रूप से सक्षम करने का कार्य किया जाता रहा। उन्होने कहा कि किसान सम्मान निधि योजना में पूर्व में 02 एकड तक के किसान को शामिल किया गया था। परन्तु किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए आज देश के प्रत्येक किसान को इस योजना से जोडा गया है। इसी का परिणाम है कि इस योजना के चलते आज सहारनपुर जनपद के 2.99 लाख किसानों को योजना का लाभ मिला है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का किसानों से सीधा संवाद व उद्बोधन का सजीव प्रसारण एल.ई.डी. स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया। प्रधानमंत्री जी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जनपद के 2.99 लाख किसान भी लाभान्वित हुए।
मुख्य अतिथि कृषि, कृषि शिक्षा, कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मुख्यमंत्री उपहार योजना के अंतर्गत ग्राम बुड्ढा खेडा के किसान नईम अहमद, किसानां को ट्रैक्टर व फसल अवशेष प्रबंधन के यंत्रों के लिए ग्राम घाटेडा एग्रो फार्मर प्रोडयूसर कम्पनी के किसान शिवचरण तथा सरदार सिंह किसान सेवा समिति ग्राम सौराना के अशोक कुमार को ट्रेक्टर की चाॅबी सौंप कर लाभान्वित किया। ग्रामीण क्षेत्रों में बीज विधायन यंत्र की प्रोसेसिंग यूनिट लगाने के लिए प्रदेश में 60 किसानों के सूहों को को 60-60 लाख रूपए के अनुदान योजना के अंतर्गत जनपद सहारनपुर के अन्ना ग्राम डवलमेंट एण्ड फार्मर कम्पनी के निदेशक को प्रथम किश्त के रूप में 18 लाख रूपए की अनुदान राशि का चेक प्रदान किया। कृषि मंत्री ने विभिन्न उत्पादों के लगाये गये स्टालों का भी निरीक्षण किया।
किसान सम्मेलन में जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ0 एस. चनप्पा, मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष डाॅ. महेन्द्र सिंह सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, पूर्व विधायक राजीव गुम्बर, रविन्द्र मोल्हू, अपर जिला मजिस्ट्रेट (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार, संयुक्त कृषि निदेशक डी.एस.राजपूर, उप निदेशक कृषि राम जतन मिश्र सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।

– सहारनपुर से मन्थन चौधरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।