नदी मे डूबने से कक्षा सात के छात्र की मौत, दो घंटे बाद मिला शव

बहेड़ी, देवरनियां। जनपद के थाना देवरनियां क्षेत्र के गांव मे जन्माष्टमी की शोभायात्रा का उल्लास था और लोग भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों में डूबे थे। इसी बीच देवरनियां में ऐसा हादसा हुआ कि खुशियां मातम में बदल गईं। नदी में डूबने से कक्षा सात के 15 वर्षीय छात्र सनी की मौत हो गई। करीब दो घंटे तक परिजन और ग्रामीण नदी में उसे तलाशते रहे। आखिरकार पानी में उसका शव उतराता दिखाई दिया। देवरनियां क्षेत्र के गांव खाता निवासी मुरारीलाल का बेटा सनी कक्षा सात में पढ़ता था। शनिवार को जन्माष्टमी के मौके पर गांव में शोभायात्रा निकाली जा रही थी। गांव के लोग शोभायात्रा में जुटे हुए थे। इसी दौरान दोपहर करीब तीन बजे सनी गांव की नदी में डूब गया। कुछ देर बाद सनी के डूबने की खबर परिजनों तक पहुंची तो हड़कंप मच गया। शोभायात्रा की खुशियों के बीच ग्रामीण नदी की ओर दौड़ पड़े। परिजनों के साथ बड़ी संख्या में गांव के लोग सनी को खोजने में जुट गए। करीब दो घंटे तक सनी की तलाश चलती रही लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसी बीच नदी में उसका शव उतराता दिखाई दिया। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिस गांव में कुछ देर पहले तक जन्माष्टमी की रौनक थी, वहां हादसे की खबर फैलते ही मातम छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। सनी के शव को नदी से बाहर निकलवाया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। ग्राम प्रधान दीप प्रकाश ने बताया कि सनी दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता मुरारीलाल मजदूरी कर परिवार का गुजर-बसर करते हैं। अचानक बड़े बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बेटे का शव देखकर परिजन बदहवास हो गए। हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *