हरियाणा का बाबा निकला स्मैक का सौदागर, तीन साथियों संग गिरफ्तार

बरेली/शाही। बाबा के भेष में रहकर स्मैक की सप्लाई करने वाले एक आरोपी समेत चार लोगों को शाही पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 102.15 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने 82,500 रुपये नकद, आई-10 कार, बुलेट बाइक, तीन मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्मैक हल्द्वानी से लाकर बरेली में फुटकर बेचने की बात कही है। शाही पुलिस के मुताबिक रविवार को पुलिस टीम गणेशपुर-रास रोड पर बसई जाने वाले खड़ंजे के पास गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक आई-10 कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रोकने का इशारा किया तो उसमें सवार लोगों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से स्मैक बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मीरगंज के जौनेर गांव निवासी 33 वर्षीय किशन शर्मा, 22 वर्षीय फारून, 35 वर्षीय तेजपाल और हरियाणा के अंबाला निवासी 40 वर्षीय छविराम गिरि के रूप में हुई। छविराम वर्तमान मे शीशगढ़ क्षेत्र के जगदीशपुर स्थित मढ़ी मंदिर में रह रहा था। पुलिस अब आरोपियों के संपर्कों और स्मैक सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस पूछताछ में चारों आरोपियों ने बताया कि वे खेती और मजदूरी करते हैं। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें स्मैक के धंधे में अच्छा मुनाफा होने की बात बताई। इसके बाद वे हल्द्वानी से स्मैक लेकर आए और रास रोड पर बसई जाने वाले खड़ंजे के पास इसे फुटकर बेचने पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों का दावा है कि हल्द्वानी में जिस व्यक्ति से स्मैक ली थी, उसे वे ठीक से नहीं जानते।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *