कब्रिस्तान में शव को दफन करने को लेकर दो पक्ष हुए आमने सामने

*साम्प्रदायिक तनाव को देखते हुए प्रशासनिक अमला हुआ सक्रिय

वाराणसी/पिंडरा- फूलपुर थाना क्षेत्र के सराय (देवराई) में स्थित कब्रिस्तान में शव को दफन करने से एक पक्ष द्वारा रोके जाने से तनाव हो गया और मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। जिसके बाद सूचना पर पहुची पुलिस फोर्स ने शांत कराया। घटना सोमवार की सायँ 5 बजे की है। साम्प्रदायिक तनाव को देखते हुए भारी संख्या में फोर्स तैनात कर दी गई। वही पुलिस के तत्परता व सूझबूझ से बड़ा मामला होने से बच गया।
बताया जाता है कि सोमवार की सुबह सराय गांव के ही हबीब 60 वर्ष की बीमारी से मौत हो गई थी। उसके बाद सायंकाल में परिजन पुस्तैनी कब्रिस्तान में शव को दफन करने के लिए पहुचे। तभी गांव के महेंद्र पटेल ने उसे अपनी भूमिधरी बताते हुए शव को दफन करने से रोक दिया। उसके बाद दोनों पक्षो में तू तू मैं मैं के बाद मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। कंट्रोल रूम पर सूचना पर तहसीलदार रामनाथ, इंस्पेक्टर सनवर अली मय फोर्स मौके पर पहुचे और एकत्रित भीड़ को शांत कराते हुए कागजात का अवलोकन किया।
डेढ़ घंटे तक चली पंचायत के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने पूर्व की तरह शव को उसी कब्रिस्तान में दफन करने का आदेश दिया। तब जाकर लोग शांत हुए।
वही गांव के महेंद्र पटेल ने बताया कि वह उक्त भूमि को कई वर्ष पूर्व गांव के ही हीरावती देवी से बैनामा लिए है। यहाँ कागजात में कोई कब्रिस्तान नही है।
वही हबीब के पुत्र बेचू व ग्रामीणों का कहना था कि यहाँ कई पुश्तों से लोग शव को दफन करते रहे हैं और ऐसे में कभी कोई सामने नही आया लेकिन फर्जीगिरी कर अब उस भूमि पर दावा किया जा रहा है। जिसे ग्रामीण कत्तई बर्दाश्त नहीं करेंगे।
वही तहसीलदार व इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों पक्षों को कल सुबह तहसील बुलाया गया और जांच पड़ताल और पैमाइश के बाद निर्णय लिया जाएगा। उसके पूर्व शव को दफन करा दिया गया है।

रिपोर्टर:-महेश पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।