सिद्धि योग मे मनाई जाएगी देवउठनी एकादशी, 600 से अधिक होंगे विवाह

बरेली। पंच दीपोत्सव के बाद सहालग की बहार छाने वाली है। 20 नवंबर को देवोत्थान एकादशी से विवाह समारोहों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। इस दिन तुलसी-शालिग्राम विवाह के अवसर पर शहर में 600 से अधिक शादियां होने का अनुमान है। ज्यादातर होटल और बैंक्वेट हॉल पहले से ही बुक हो चुके हैं। सहालग में मेहमानों की बढ़ती संख्या के साथ शादी समारोहों पर खर्च का ग्राफ भी बढ़ा है। लोग अपनी शादियों को खास बनाने के लिए कैटरिंग और सजावट पर विशेष ध्यान दे रहे है। कैटरिंग संचालकों के मुताबिक, एक बरात मे औसतन 450 से 500 मेहमानों के लिए दावत का इंतजाम किया जा रहा है। लजीज व्यंजनों के लिए अलग-अलग जगहों से महंगे शौक की बुकिंग की जा रही है। एक सामान्य शादी पर औसतन पांच से आठ लाख रुपये तक खर्च हो रहे है। बरेली होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुराग सक्सेना के अनुसार अकेले देवोत्थान एकादशी पर ही 30 से 40 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। होटल और बैंक्वेट हॉल एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि इस बार शादियों के सीजन को लेकर पहले से ही अच्छी बुकिंग हो चुकी है। सिद्धि योग में मनाई जाएगी देवउठनी एकादशी : कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी पर देवउठनी एकादशी (हरि प्रबोधिनी एकादशी) इस बार सिद्धि योग में मनाई जाएगी। आचार्य राजेश कुमार शर्मा के अनुसार, मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं। इसके साथ ही चातुर्मास का समापन होता है और सभी प्रकार के शुभ कार्य दोबारा शुरू हो जाते है। इस वर्ष एकादशी तिथि दो दिन पड़ने के कारण श्रद्धालुओं में असमंजस की स्थिति है। आचार्य के अनुसार, पंचांग के मुताबिक कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर की सुबह 7:17 बजे से शुरू होकर 21 नवंबर की सुबह 6:33 बजे तक रहेगी। गृहस्थ जीवन का पालन करने वाले लोगों को 20 नवंबर को ही देवउठनी एकादशी का व्रत रखना चाहिए। वहीं, वैष्णव परंपरा का पालन करने वाले साधक 21 नवंबर को गौण एकादशी का व्रत रख सकते हैं। पूजा और साधना के लिए शुभ मुहूर्त सुबह 5:02 से 5:45 बजे तक, अभिजीत मुहूर्त दोपहर 11:36 बजे से 12:19 बजे तक और गोधूलि मुहूर्त शाम 5:27 से 5:53 बजे तक रहेगा।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *