बरेली। बुधवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का दौरा टलते ही जिला अस्पताल में मरीजों के साथ बदसलूकी शुरू हो गई। पैथोलॉजी में जांच कराने आए दिव्यांग को धक्का देकर निकालने पर हंगामा हुआ। बदायूं के दातागंज निवासी दिव्यांग नन्ने ओपीडी मे परामर्श के बाद जांच के लिए सैंपल देने पैथोलॉजी में पहुंचे थे। आरोप है कि दोपहर दो बजे ओपीडी बंद होती है, लेकिन पैथोलॉजी का स्टाफ 1:40 बजे ही सैंपल लेने से इन्कार करने लगा। आपत्ति जताने पर धक्का देकर निकालने की कोशिश की। इससे नन्ने गिर पड़े। हंगामा होने पर पैथोलॉजी में मरीजों और तीमारदारों की भीड़ लग गई। आरोपी स्टाफ भी वहां से निकल गया। मामला बढ़ता देख पैथोलॉजी इंचार्ज और ओपीडी के डॉक्टर बाहर आए। दिव्यांग का सैंपल कराया गया। एडीएसआईसी डॉ. संजीव गुप्ता ने कहा कि हंगामे की सूचना मिलने पर स्टाफ से पूछताछ की। पता चला कि सैंपल ले लिया गया था, लेकिन वह रिपोर्ट मांग रहा था। रिपोर्ट कल मिलने की जानकारी दी थी। स्टाफ को भविष्य में शिकायत मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। अस्पताल से पकड़े कुत्ते, तीन बजे तक ओपीडी में डटे रहे डॉक्टर : डिप्टी सीएम के निरीक्षण के मद्देनजर नगर निगम की टीम भी जिला अस्पताल में डटी रही। परिसर से कुत्तों को पकड़ा गया। साफ-सफाई का दौर भी जारी रहा। सामान्य दिनों में दोपहर दो बजे तक ओपीडी खाली हो जाती है, लेकिन बुधवार को तीन बजे तक डॉक्टर ओपीडी में बैठे रहे। हालांकि, पर्चा काउंटर बंद हो गया था। जनरल, इमरजेंसी वार्ड में नए बिस्तर, तकिए लगाए गए।।
बरेली से कपिल यादव
